भारत ने रूसी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को तलब किया

WhatsApp Channel Join Now
भारत ने रूसी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को तलब किया


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। भारत ने रूसी मिसाइल हमले में 4 भारतीयों की मौत को लेकर मंगलवार को दिल्ली में रूस के प्रभारी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को तलब किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमज़ोर करते हैं। व्लादिमीर लादानोव से अपने अधिकारियों तक भारत की गंभीर चिंता पहुंचाने को कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि व्यापारिक जहाज़ों को निशाना बनाना और इसके कारण निर्दोष नागरिकों की जान जाना मंज़ूर नहीं है और ऐसा नहीं होना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि रूसी सेना ने 19 जुलाई को एमवी गोल्डन लियो नामक जहाज पर हमला किया था। अनाज से लदा यह जहाज ओडेसा से रवाना होते ही हमले का शिकार हो गया था। जहाज मुंबई स्थित ओशन ग्रेस शिपिंग लिमिटेड के स्वामित्व में है। जहाज पर भारत और सीरिया के 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिसमें 4 भारतीयों की मौत हुई है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story