आरके सिन्हा के निधन से सार्वजनिक क्षेत्र को क्षति हुई : संघ

WhatsApp Channel Join Now
आरके सिन्हा के निधन से सार्वजनिक क्षेत्र को क्षति हुई : संघ


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राज्यसभा के पूर्व सदस्य एवं प्रसिद्ध समाजसेवी रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से सार्वजनिक क्षेत्र को क्षति हुई है। संघ ने निजी सुरक्षा सेवा उद्योग को नई पहचान देने के साथ राष्ट्र सेवा, सामाजिक कार्यों और मीडिया जगत में उनके योगदान को स्मरणीय बताया।

संघ की ओर से जारी शोक संदेश में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने आरके सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध समाजसेवी, पूर्व राज्यसभा सांसद रवींद्र किशोर सिन्हा के निधन से सार्वजनिक क्षेत्र को क्षति हुई है। निजी सुरक्षा सेवा क्षेत्र उद्योग को नई पहचान देने और राष्ट्र सेवा एवं सामाजिक कार्यों तथा मीडिया जगत में उनका योगदान स्मरणीय रहेगा।

संघ ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि सिन्हा भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। वह 2014 से 2020 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। उन्होंने निजी सुरक्षा सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एसआईएस समूह की स्थापना की थी। उनका पत्रकारिता, सामाजिक सेवा और राष्ट्रवादी गतिविधियों से भी जुड़ाव रहा।वर्ष 2016 से 2022 तक वे हिन्दुस्थान समाचार बहुभाषी संवाद समिति के अध्यक्ष रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story