दत्तात्रेय होसबाले ने कोलकाता के न्यू टाउन में संघ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया

WhatsApp Channel Join Now
दत्तात्रेय होसबाले ने कोलकाता के न्यू टाउन में संघ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया


दत्तात्रेय होसबाले ने कोलकाता के न्यू टाउन में संघ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया


कोलकाता, 26 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने यहां के न्यू टाउन में नवनिर्मित पांच मंजिला संघ कार्यालय 'केशव स्मृति' का शनिवार को उद्घाटन किया।

यह कार्यालय कई अत्याधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक मूल्यों का एक बेहतरीन संगम है, जिसे राज्य में संगठन के तेजी से हो रहे विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके भूतल पर वाहनों के लिए पार्किंग की विशेष सुविधा दी गई है। इमारत के प्रथम तल पर 'श्यामलाल बंदोपाध्याय सभागार' बनाया गया है। इस सभागार में एक साथ लगभग 110 कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था है, जहां डिजिटल पोडियम, ऑडियो-विजुअल सिस्टम और बैनर की जगह एलईडी स्क्रीन की आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई गई है। भवन के द्वितीय तल पर रसोई घर और 80 कार्यकर्ताओं के एकसाथ भोजन करने व्यवस्था है।

तृतीय तल पर अधिकारियों के रहने के लिए तीन कमरे और एक छोटा हॉल मौजूद है। इसके अलावा इसी तल पर एक विशेष अभिलेखागार बनाया गया है, जहां ऐतिहासिक दस्तावेज, पांडुलिपियां, पुरानी डायरियां और संगठन से जुड़े ऑडियो-वीडियो सुरक्षित रखे जाएंगे। इमारत के चतुर्थ तल पर वरिष्ठतम अधिकारियों के आवास के लिए तीन कक्ष और एक छोटा हॉल बनाया गया है। आधुनिक संचार को बढ़ावा देने के लिए इस तल पर 20 लोगों की क्षमता वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा और एक आधुनिक पॉडकास्ट एवं वीडियो रिकॉर्डिंग स्टूडियो भी स्थापित किया गया है। यह नया कार्यालय अगले साल जनवरी में मकर संक्रांति से पूरी तरह से संचालित होगा।

'केशव स्मृति' का निर्माण 1989 में बने पुराने राज्य मुख्यालय 'केशव भवन' के 37 साल बाद किया गया है। इसका नाम बंगाल में संघ को आकार देने वाले केशव राव दीक्षित के नाम पर रखा गया है। यह नया भवन पूर्वी क्षेत्र के मुख्यालय के रूप में कार्य करेगा, जबकि मानिकतला स्थित केशव भवन उत्तरी प्रभाग के मुख्यालय के रूप में काम करता रहेगा।

संघ के दक्षिण बंगाल के सह प्रचार प्रमुख विपल्व राय ने बताया कि राज्य में मई माह से पहले संघ की लगभग 5,000 शाखाएं थीं, जिनके महालया (10 अक्टूबर) तक दोगुनी होकर 10 हजार तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी न्यू टाउन स्थित इस नए कार्यालय के एक अनुष्ठानिक उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने संघ को दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बताया था।

संगठन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह याद दिलाया कि अनुकूल परिस्थितियों में भी निरंतर और कड़ी मेहनत करना बेहद आवश्यक है।

उद्घाटन कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन एवं संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story