भारतीय संस्कृति में विश्व कल्याण का संदेश देने की क्षमता, दुनिया को इसकी अहमियत समझ आने लगी है : मोहन भागवत

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय संस्कृति में विश्व कल्याण का संदेश देने की क्षमता, दुनिया को इसकी अहमियत समझ आने लगी है : मोहन भागवत


भारतीय संस्कृति में विश्व कल्याण का संदेश देने की क्षमता, दुनिया को इसकी अहमियत समझ आने लगी है : मोहन भागवत


भारतीय संस्कृति में विश्व कल्याण का संदेश देने की क्षमता, दुनिया को इसकी अहमियत समझ आने लगी है : मोहन भागवत


भारतीय संस्कृति में विश्व कल्याण का संदेश देने की क्षमता, दुनिया को इसकी अहमियत समझ आने लगी है : मोहन भागवत


- शुकतीर्थ में स्वामी कल्याण देव की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन

मुजफ्फरनगर, 23 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में विश्व कल्याण के लिए बहुत कुछ देने की क्षमता है। दुनिया की अन्य सभ्यताएं और संस्कृतियां अपना अधिकतम योगदान दे चुकी हैं, जबकि भारतीय संस्कृति के पास अभी भी विश्व को देने के लिए बहुत कुछ शेष है। अब पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति को आधार बनाकर जीवन जीने की आवश्यकता महसूस करने लगी है।

डॉ. मोहन भागवत रविवार को मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ स्थित महर्षि शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी ओमानंद जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सरसंघचालक ने कहा कि ज्ञान का वास्तविक उद्देश्य केवल उसे प्राप्त करना नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। हमारे ऋषि-मुनियों ने कठोर तपस्या से ज्ञान अर्जित किया और उसे समाज के कल्याण के लिए समर्पित किया। परोपकार, मानवीय संवेदना, परिवार के प्रति करुणा और समाज के प्रति दायित्वबोध इसी ज्ञान की देन हैं। उन्होंने कहा कि समाज के कल्याण के लिए अभी अथक परिश्रम करने की आवश्यकता है। ज्ञान प्राप्त कर उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य और वास्तविक पुरुषार्थ होना चाहिए।

देवता और राक्षस के अंतर को स्पष्ट करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि जो व्यक्ति केवल अपने हित और अपनी रक्षा के लिए कार्य करता है, वह राक्षसी प्रवृत्ति का परिचायक है। इसके विपरीत जो सबके हित और परोपकार की भावना से पूरे समाज की रक्षा के लिए काम करता है, वही देवत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के ज्ञान और उसके उपयोग का स्तर भी समान नहीं होता। ज्ञान का उपयोग केवल निजी हित के लिए नहीं, बल्कि व्यापक समाज के कल्याण के लिए होना चाहिए।

उन्होंने भारतीय जीवन पद्धति का उल्लेख करते हुए कहा कि एकांत में साधना और समाज के बीच परोपकार करना हमारी परंपरा रही है। देश के तीर्थ और मंदिर साधु-संतों एवं तपस्वियों की साधना से विकसित हुए हैं। इन स्थानों पर पहुंचने वाले लोग वहां के वातावरण में शुद्धता और ऊर्जा का अनुभव करते हैं। इसका कारण वहां लंबे समय से चली आ रही तपस्या और साधना है। वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज ने भी शुकतीर्थ में रहकर इसी प्रकार तपस्या की और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

डॉ. भागवत ने कहा कि तीर्थाटन और धार्मिक परंपराओं को पुराना या अप्रासंगिक मानने वालों को भारतीय संस्कृति की महत्ता समझनी होगी। समय के साथ दुनिया को इस संस्कृति और सभ्यता की उपयोगिता स्वीकार करनी पड़ेगी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज के जीवन और उनके शैक्षिक योगदान पर प्रकाश डाला। बताया गया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में करीब 300 शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। वह वर्ष 1945 से शुकतीर्थ आने लगे थे और उन्होंने इस क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में भागवतनगरी शुक्रताल एवं शुकतीर्थ ट्रस्ट की ओर से संचालित कार्यों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान शुक्रताल के विभिन्न आश्रमों के अध्यक्ष, साधु-संत और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, प्रांत प्रचारक अनिल कुमार, विभाग संघचालक प्रमोद कुमार, विभाग प्रचारक भूपेंद्र कुमार, विभाग कार्यवाह बृजेश कुमार, जिला संघचालक डॉ. तेजवीर, जिला कार्यवाह संजय लखान, जिला प्रचारक टीकम सिंह, धर्म जागरण विभाग के प्रचारक ईश्वर दयाल, जिला प्रचार प्रमुख सीताराम तथा श्रीराम आश्रम के विनोद शर्मा, सतीश कुमार, कविश और सतीश सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782174 Articles

Share this story