प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने संघ स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने संघ स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों को दी बधाई


नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, मैं उन सभी विभूतियों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने अपने अथक परिश्रम और सेवाभाव से संघ को सींचा और संवारा है। संघ ने सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक प्रतिबद्धता का गौरवशाली शताब्दी वर्ष पूर्ण किया है। अनगिनत स्वयंसेवकों ने अपने समर्पण, कर्तव्य-निष्ठा और राष्ट्र-प्रथम की भावना से सदैव समाज के उत्थान के लिए कार्य किया है। मुझे विश्वास है कि यह भावना आने वाले समय में भी देश को और सशक्त एवं सुदृढ़ करेगी।

प्रधानमंत्री ने नागपुर में शताब्दी वर्ष श्री विजयादशमी उत्सव के दौरान सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के संबोधन को प्रेरणादायी बताया और कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय प्रगति, सामाजिक एकता, आत्मनिर्भरता की आवश्यकता और समाज के चरित्र को सुदृढ़ करने जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा उनका वह जोर, जो उन्होंने 'सेवा' और 'राष्ट्र निर्माण' के प्रति उस प्रतिबद्धता पर दिया, जो हर संघ स्वयंसेवक के जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने 'पंच परिवर्तन' के बारे में भी बात की और बताया कि किस प्रकार ये सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने में सार्थक योगदान दे सकते हैं।

शाह ने कहा कि संघ भारतीय संस्कृति की जड़ों को सींचने, समाज में देशभक्ति की ज्योति जगाने और युवाओं को राष्ट्र-निर्माण से जोड़ने के महान कार्य में जुटा है। देश भर में संघ के स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य, एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को निरंतर मजबूत कर रहे हैं। सेवा, मूल्यों और देशभक्ति की यह अविरल धारा आने वाली पीढ़ियों के दिलों में, युगों-युगों तक मातृभूमि के प्रति प्रेम की अखंड ज्योति को प्रज्वलित रखेगी।

उल्लेखनीय है कि आरएसएस ने आज विजयादशमी के अवसर पर नागपुर के रेशिमबाग मैदान में अपना 101वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हथियारों और ढालों की पारंपरिक 'शस्त्र पूजा' की। कार्यक्रम में संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जैसे कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे, जिन्होंने राष्ट्र के प्रति स्वयंसेवकों की सेवा भावना की सराहना की। देश ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763781 Articles

Share this story