इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक


इंदौर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक मध्य प्रदेश के इंदौर में 02 से 04 नवंबर तक आयोजित होगी।

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेडकर ने बताया कि बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ वर्तमान समय के महत्वपूर्ण सामाजिक और वैश्विक विषयों पर चर्चा की जाएगी।

उनके अनुसार बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे।

बैठक में संघ की संगठनात्मक संरचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह और प्रांत प्रचारक के साथ उनके सहयोगी पदाधिकारी भी अपेक्षित हैं। इसके अलावा संघ के सभी 11 क्षेत्रों के संघचालक, क्षेत्र कार्यवाह, क्षेत्र प्रचारक तथा उनके सह पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि हाल ही में विजयादशमी के अवसर पर पिछले एक वर्ष से देशभर में चल रहे शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी हुई है। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विजयादशमी उत्सव पर सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत के संबोधन में उठाए गए प्रमुख मुद्दों पर आगे की कार्ययोजना को लेकर चर्चा होगी।

बैठक में समसामयिक विषयों पर भी व्यापक विचार-विमर्श प्रस्तावित है। इनमें डिजिटल और अन्य नए माध्यमों पर उपलब्ध सामग्री, नशीले पदार्थों की बढ़ती समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और बदलते वैश्विक परिदृश्य जैसे मुद्दे शामिल हैं।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story