संघ प्रमुख डॉ भागवत गुरुवार को कानपुर आएंगे, आशीर्वाद समारोह को लेकर तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now
संघ प्रमुख डॉ भागवत गुरुवार को कानपुर आएंगे, आशीर्वाद समारोह को लेकर तैयारियां तेज


कानपुर, 10 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 11 जून को कानपुर पहुंचेंगे। पूर्व क्षेत्र संघचालक वीरेंद्रजीत सिंह की पौत्री एवं वरिष्ठ समाजसेविका एवं शिक्षाविद् डॉ. नीतू सिंह की पुत्री के आशीर्वाद समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

जिला प्रशासन ने बुधवार को मोहन भागवत के आगमन की पुष्टि की है, जबकि कार्यक्रम आयोजकों की ओर से राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जुड़े तमाम दिग्गजों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस लगातार तैयारियों में जुटे हैं।

यह आशीर्वाद समारोह आजाद नगर क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। परिवार में कई वर्षों बाद हो रहे वैवाहिक आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में अतिथियों के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार मोहन भागवत गुरुवार को दोपहर 12 बजे कानपुर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वह शाम 4:45 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से 4:55 बजे शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव कोच में सवार होकर नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

मोहन भागवत के आगमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन, कार्यक्रम स्थल और उनके निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। संभावित वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

कार्यक्रम आयोजकों का कहना है कि समारोह में राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई दिग्गजों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि अन्य अतिथियों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में मोहन भागवत के अलावा अन्य प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी को लेकर केवल संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story