सरसंघचालक 6 अगस्त को मुंबई में करेंगे युवाओं से संवाद
मुंबई, 03 अगस्त (हि.स.) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 06 अगस्त को मुंबई के नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित 'इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस' (आईआईएमयूएन) के 15वें वार्षिक चैंपियनशिप सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह 'जेन ज़ी' और 'जेन अल्फा' के युवाओं के साथ विशेष संवाद भी करेंगे।
आयोजकों से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सम्मेलन में देश के 100 से अधिक शहरों से 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के दो हजार से अधिक स्कूली और कॉलेज छात्र भाग लेंगे। उद्घाटन सत्र की थीम द रोल आफ यूथ इन यूनाइटिंग द वर्ल्ड , द इंडियन वे रखी गई है, जिसमें वैश्विक एकता, नेतृत्व और भारत की भूमिका पर चर्चा होगी।
आईआईएमयूएन के संस्थापक ऋषभ शाह ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व केवल अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों को सुनने और समझने की क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में, जब भारत वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका को मजबूत कर रहा है, युवाओं के साथ सार्थक संवाद की आवश्यकता पहले से अधिक है। उन्होंने सम्मेलन में शामिल होने की सहमति देने पर डॉ. मोहन भागवत का आभार भी व्यक्त किया।
वर्ष 2011 में स्थापित आईआईएमयूएन स्वयं को एक सार्वजनिक मामलों का मंच बताता है, जिसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है। संस्था के अनुसार, उसका नेटवर्क भारत के 275 शहरों और 40 देशों तक फैला हुआ है तथा वह 7.5 करोड़ से अधिक युवाओं तक पहुंच बना चुका है। आयोजकों का कहना है कि सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में नीति-निर्माण, अंतरराष्ट्रीय संबंध, नेतृत्व विकास और वैश्विक चुनौतियों जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिससे युवाओं को विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रख्यात वक्ताओं से संवाद का अवसर मिलेगा।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

