संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक विशाखापत्तनम में 19 से 21 अगस्त तक
नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रेरित विविध संगठनों की ‘अखिल भारतीय समन्वय बैठक’ 19-21 अगस्त तक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले के गुडीलोवा में आयोजित होगी। इस बैठक का आयोजन प्रतिवर्ष होता है।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने एक वक्तव्य में बताया कि इस बैठक में संघ प्रेरित कुल 32 संगठन के प्रमुख पदाधिकारी सहभागी होंगे। इसमें संगठनों के अखिल भारतीय अध्यक्ष, महासचिव, संगठन मंत्री एवं कुछ चयनित पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
आंबेकर ने कहा, “बैठक में मुख्य रूप से सभी अपने-अपने कार्यों की जानकारी देते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपना अवलोकन तथा सुझाव प्रस्तुत करते हैं। सभी संगठनों के बीच परस्पर समन्वय और सहयोग को अधिक प्रभावी बनाने, जनकल्याण एवं नीतिगत विषयों पर संवाद आदि विषयों पर बैठक में चर्चा होगी। साथ ही जनसंख्या असंतुलन, नशा मुक्ति, युवाओं में जागृति, पंच परिवर्तन का क्रियान्वयन, विकास की भारतीय अवधारणा सहित वर्तमान परिस्थिति के विभिन्न विषयों पर बैठक में चर्चा अपेक्षित है।”
बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह-सरकार्यवाह तथा अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख उपस्थित रहेंगे। इसमें राष्ट्र सेविका समिति, भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिन्दू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मज़दूर संघ, भारतीय किसान संघ सहित कुल 32 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी सम्मिलित होंगे।
उन्होंने कहा कि संघ के यह 32 संगठन गत कई वर्षों से सामाजिक जीवन में लगातार सक्रिय हैं। सार्वजनिक क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए करते हुए राष्ट्रहित में लोक जागरण एवं व्यवस्था में आवश्यक सुधार तथा परिवर्तन के दूरगामी कार्य में तत्परता से जुटे हुए हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

