समरस समाज का निर्माण संघ की प्राथमिकता : कृष्ण गोपाल
सुलतानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने मंगलवार काे कहा कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी भारतीय एक हैं और समरस समाज का निर्माण संघ की प्रमुख प्राथमिकता है। संघ अपने 100 वर्षों के सफर में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ वंचित एवं अभावग्रस्त लोगों की सेवा में भी जुटा रहा है।
संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. गोपाल ने कहा कि वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संघ की पहली शाखा शुरू की थी। उनका उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना पैदा करना था। आज संघ का विस्तार देशभर में हुआ है और शाखाओं में बिना किसी जाति, वर्ग या बिरादरी के भेदभाव के लोग शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा कि संघ की शाखाएं केवल शारीरिक प्रशिक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यहां देश के महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण का भाव विकसित किया जाता है।
डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के विभिन्न कार्यक्रमों में करीब पांच करोड़ लोग सहभागी बन चुके हैं। इससे समाज में संघ को जानने और समझने की उत्सुकता बढ़ी है। आज करीब डेढ़ लाख स्वयंसेवक सेवा बस्तियों में जाकर जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं। संघ से जुड़े लगभग 40 संगठन शिक्षा, सेवा, श्रमिकों और जरूरतमंदों सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का जीवन दर्शन पूरी दुनिया के कल्याण की भावना पर आधारित है। जो सबको साथ लेकर चलता है, सभी के विचारों का सम्मान करता है और गंगा की तरह सबको अपने में समाहित करने की क्षमता रखता है, वही हिन्दू है। हिन्दू दर्शन सभी के कल्याण और सभी मत-पंथों के सम्मान की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि संघ की गतिविधियों में कुटुंब प्रबोधन को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। परिवार के महत्व और भारतीय पारिवारिक मूल्यों से नई पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि परिवार की संस्था और सामाजिक संबंध मजबूत बने रहें।
कार्यक्रम में प्रांत के सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख महेश सिंह, विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश जी, विभाग संघचालक डॉ. अरुण कुमार सिंह, विभाग कार्यवाह नवीन, कार्यक्रम संयोजक डॉ. पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

