बीजापुर में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 39.77 लाख रुपये बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 39.77 लाख रुपये बरामद


बीजापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बड़ेपल्ली वनक्षेत्र में नक्सलियाें द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई पांच-पांच सौ रुपये की कुल 39 लाख 77 हजार रुपये की धनराशि बरामद की गई। यह कार्रवाई जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), थाना भैरमगढ़ पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने की।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को बताया कि नक्सली संगठनों द्वारा जंगलों और दूरस्थ इलाकों में जमीन के नीचे नकदी और अन्य सामग्री छिपाकर रखने की रणनीति सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती रही है। ऐसी बरामदगी से संगठन की आर्थिक गतिविधियों और उसके संभावित वित्तीय नेटवर्क की जांच के लिए महत्वपूर्ण हाे सकते हैं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के नीचे संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस एवं बीडीएस की संयुक्त टीम को इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया स्टील का एक डिब्बा मिला। सुरक्षा बलों ने जब डिब्बे की जांच की तो उसके अंदर टेप से लिपटे पैकेटों में नकद राशि रखी मिली। इसकी गिनती करने पर कुल 39 लाख 77 हजार रुपये बरामद हुए। यह नकद रकम नक्सली डंप का हिस्सा थी, जिसे जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया था।

इससे पहले भी सुरक्षाबल नक्सली डंप से बड़ी मात्रा में नकद राशि एवं सोना बरामद कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार पूर्व में की गई कार्रवाई में नक्सलियाें द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई नक्सली डंप से 07 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। बड़ेपल्ली जंगल से मिली 39.77 लाख रुपये की नई बरामदगी को जोड़ने पर अब तक कुल नकद बरामदगी 8 करोड़ 10 लाख 10 हजार 800 रुपये हो जाती है। इसके अलावा 8.5 किलोग्राम सोना भी बरामद किया जा चुका है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783219 Articles

Share this story