मगरमच्छ के आंसू 1984 के रक्तरंजित इतिहास के दाग नहीं धो सकते: आरपी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
मगरमच्छ के आंसू 1984 के रक्तरंजित इतिहास के दाग नहीं धो सकते: आरपी सिंह


मगरमच्छ के आंसू 1984 के रक्तरंजित इतिहास के दाग नहीं धो सकते: आरपी सिंह


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोनिया गांधी की किताब को काले इतिहास को सफेद करने का प्रयास बताया। आरपी सिंह ने कहा कि किताब में दावा किया गया है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद श्री अकाल तख्त साहिब की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी भावुक होकर रो पड़ी थीं

लेकिन सवाल यह है कि यदि इंदिरा गांधी को वास्तव में इतना दुख था, तो सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आज तक सिख पंथ से बिना शर्त माफी क्यों नहीं मांगी? आंसू इतिहास नहीं बदल सकते और न ही राजनीतिक जिम्मेदारी से मुक्ति दिला सकते हैं।

आरपी सिंह ने अपने एक्स पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि

ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 में सिखों का नरसंहार महज प्रशासनिक गलतियां नहीं थे। इनके पीछे राजनीतिक साजिश होने के गंभीर आरोप लगाए जाते रहे हैं। इन आरोपों में संजय गांधी के करीबी गुट, अरुण नेहरू और ज्ञानी जैल सिंह की भूमिका का भी उल्लेख होता है। कथित उद्देश्य अकाली दल को कमजोर करना, चुनावी लाभ हासिल करना और सिख समुदाय को राजनीतिक रूप से दंडित करना था।

यह भी ऐतिहासिक तथ्य है कि आपातकाल के दौरान प्रतिरोध की लड़ाई में सिख समुदाय ने अग्रणी भूमिका निभाई थी। देशभर में गिरफ्तार हुए लोगों में 43 प्रतिशत से अधिक सिख बताए जाते हैं। इसके बावजूद कांग्रेस पर आरोप है कि उसने इस राष्ट्रभक्त समुदाय को देशविरोधी के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया।

1985 के चुनावों से पहले एक निजी विज्ञापन एजेंसी के माध्यम से सिख टैक्सी और ऑटो चालकों को लेकर भय और विभाजन का माहौल बनाने के आरोप भी सामने आए।

उन्होंने कहा कि

सरकार के पास स्वर्ण मंदिर परिसर में सैन्य कार्रवाई के अलावा दूसरे विकल्प भी हो सकते थे। बाद में ऑपरेशन ब्लैक थंडर के दौरान अपनाई गई रणनीति इसका उदाहरण बनी, जिसमें घेराबंदी और दबाव के जरिए आतंकवादियों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया गया। लेकिन ऑपरेशन ब्लू स्टार में टैंकों और तोपों का इस्तेमाल हुआ और श्रीहरमंदिर साहिब परिसर तथा श्रीअकाल तख्त साहिब को भारी नुकसान पहुंचा।

राजीव गांधी ने 1984 के नरसंहार के बाद यह कहकर कांग्रेस नेतृत्व की संवेदनहीनता उजागर की थी:

जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।

यह बयान उन हजारों निर्दोष सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा था, जिन्होंने उस हिंसा में अपने परिजनों, घरों और सम्मान को खोया।

इंदिरा गांधी के शासनकाल में ऑपरेशन ब्लू स्टार हुआ। राजीव गांधी के कार्यकाल में 1984 का सिख नरसंहार हुआ और कांग्रेस नेतृत्व पर आज तक इस त्रासदी की नैतिक एवं राजनीतिक जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

इतना ही नहीं, राजीव गांधी और राहुल गांधी के सलाहकार रह चुके तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने 1984 के सिख नरसंहार के संदर्भ में कथित तौर पर कहा था:

हुआ तो हुआ।

क्या हजारों निर्दोष लोगों की हत्याओं का जवाब यही है?

चार दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सिख समुदाय न्याय, सम्मान और बिना शर्त माफी की मांग करता रहा है।

गांधी परिवार को इन सवालों का जवाब देना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story