लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत


लखीमपुर खीरी, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाइवे-730 पर सोमवार सुबह सड़क हादसे में आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारी मैजिक के बीच हुई भिड़ंत से हुआ। मरने वालों में छह पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। लखीमपुर से मजदूरी करने के बाद अपने घर बहराइच जनपद के नानपारा लौट रहे थे। मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है।

सुबह करीब आठ बजे हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी को सरकारी एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी खमरिया भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह सवारी मैजिक लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी, तभी बहराइच की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मैजिक में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक, मैजिक में सवार सभी यात्री पेशे से मजदूर थे। वे लखीमपुर में मजदूरी का काम खत्म कर अपने पैतृक गांव नानपारा (बहराइच) वापस जा रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों और शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर क्रेन मंगवाकर वाहनों को हाइवे से हटवाया और यातायात सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मृतकों के पास मिले सामान और मोबाइल के आधार पर उनकी पहचान (शिनाख्त) करने और उनके परिजनों को सूचित करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story