छग में तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में घुसी, 4 की मौत
रायपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाइवे-53 पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार स्कूटी सवार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसा। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चियां शामिल हैं, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। उसे एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुम्हारी थाना पुलिस ने बताया है कि यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच हाइवे-53 पर दुर्ग से रायपुर जाने वाले के लेन में हुई। स्कूटी (सीजी 07 डीई 5847) पर बच्चों समेत 5 लोग सवार थे। पुलिस ने ट्रैक्टर नंबर(सीजी 07 एनए0930) और स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक भिलाई-3 निवासी अमृता निर्मलकर (28वर्ष) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ सवार कुल पांच लोग बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी जा घुसी। हादसे में अमृता निर्मलकर (28वर्ष), लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल है, जिसे एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
________________
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

