लखनऊ में जयंत चौधरी ने फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, बोले-सभी वर्गों को साथ लेकर बढ़ेगा रालोद

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में जयंत चौधरी ने फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, बोले-सभी वर्गों को साथ लेकर बढ़ेगा रालोद


लखनऊ में जयंत चौधरी ने फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, बोले-सभी वर्गों को साथ लेकर बढ़ेगा रालोद


बीके शुक्ला समर्थकों के साथ रालोद में शामिल, पूर्वांचल से बुंदेलखंड तक संगठन मजबूत करने की तैयारी

लखनऊ, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन और संगठनात्मक पहुंच बढ़ाने की कवायद में जुटे राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने रविवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा सम्मेलन आयोजित कर विधानसभा चुनाव से पूर्व ताकत दिखाई। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का मंत्र दिया। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव और नए लोगों की ऊर्जा को साथ लेकर पार्टी को प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मतभेद भुलाकर नए साथियों को जोड़ने की अपील

जयंत चौधरी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को छोटे-छोटे मनमुटाव पीछे छोड़ने होंगे। नए लोगों का खुले मन से स्वागत करना होगा और पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभवों का लाभ लेकर पार्टी को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि रालोद सभी वर्गों को साथ लेकर अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाएगा।

‘एबीसीडी’ के जरिए सामाजिक समीकरण पर जयंत का संदेश

सम्मेलन में जयंत चौधरी ने ‘एबीसीडी’ का जिक्र करते हुए व्यापक सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने संकेत दिया कि रालोद की राजनीति किसी एक क्षेत्र या वर्ग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अलग-अलग सामाजिक समूहों को साथ जोड़कर प्रदेश में अपना आधार बढ़ाया जाएगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए जयंत ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन हर विवाद को राजनीति के चश्मे से देखना उचित नहीं है। सम्मेलन में रालोद नेताओं ने प्रदेश की आगामी राजनीति में पार्टी की भूमिका को अहम बताते हुए दावा किया कि भविष्य में सरकार गठन में रालोद की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों से रहें सतर्क

रालोद अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में जाति के नाम पर समाज में तनाव और विभाजन पैदा करने की कोशिशों से सभी को सावधान रहना चाहिए। उन्होंने सामाजिक एकता को मजबूत करने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत बताई।

युवाओं के कौशल विकास से रोजगार बढ़ाने पर जोर

जयंत चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना जरूरी है। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की बात कही। जयंत ने बताया कि वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश के डिफेंस कॉरिडोर को लेकर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि झांसी से लखनऊ तक छह शहर डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े हैं। यदि इसे आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए तो बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकता है।

प्रदेश के हर इलाके में बूथ तक पहुंचेगा रालोद

पार्टी का फोकस अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आगे बढ़कर पूर्वांचल, मध्य यूपी और बुंदेलखंड में संगठन खड़ा करने पर है। रालोद की योजना प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की है। सम्मेलन में संगठन विस्तार और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की रणनीति पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर उप्र सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, त्रिलोक त्यागी राष्ट्रीय महासचिव (संगठन), उप्र के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी के साथ पार्टी नेतागण, पदाधिकारी, भारी संख्या में कार्यकर्तागण मौजूद रहे। सम्मेलन में रायबरेली के ब्राह्मण नेता बीके शुक्ला अपने समर्थकों के साथ रालोद में शामिल हुए। इसके अलावा कई अन्य ब्राह्मण और सवर्ण नेताओं को पार्टी से जोड़ने की कवायद भी चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story