भारत-पाकिस्तान सीमा से पकड़ा गया संदिग्ध युवक, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
भारत-पाकिस्तान सीमा से पकड़ा गया संदिग्ध युवक, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


जोधपुर, 27 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट नाचना थाना क्षेत्र के भारेवाला इलाके से गुरुवार रात एक 29 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस के इनपुट के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, युवक एक संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा हुआ था, जिसमें कथित रूप से भड़काऊ और देश विरोधी संदेश साझा किए जा रहे थे। उत्तर प्रदेश पुलिस को इस ग्रुप से जुड़े कुछ युवाओं के बारे में इनपुट मिले थे, जिनमें कश्मीर और राजस्थान के लोग शामिल बताए गए। इसके बाद राजस्थान पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया।

नाचना पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर युवक को उसके घर से हिरासत में लिया। फिलहाल उसे थाने में रखा गया है, जहां विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। मामले में टेलीग्राम ग्रुप के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की गहन जांच की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप में भारेवाला निवासी युवक का मोबाइल नंबर मिला था। अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दो कश्मीरी युवक भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक के मोबाइल से कोई विशेष जानकारी नहीं मिली है। आशंका जताई जा रही है कि उसने महत्वपूर्ण डेटा पहले ही डिलीट कर दिया है। इसी कारण अब एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही हैं।

पुलिस हिरासत में लिया गया युवक मूल रूप से लूणकरणसर का निवासी है और पिछले 10–12 वर्षों से भारेवाला में खेती का कार्य कर रहा था। वह 10वीं पास है। फिलहाल एजेंसियां उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और स्थानीय पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story