रिम्स आदिलाबाद एसएनसीयू हादसे में दो और नवजातों की मौत, मृतकों की संख्या हुई पांच

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स आदिलाबाद एसएनसीयू हादसे में दो और नवजातों की मौत, मृतकों की संख्या हुई पांच


हैदराबाद, 23 सितंबर (हि.स.)। आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के विशेष नवजात देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में एसी विस्फोट के बाद निकले जहरीले धुएं और गैस की चपेट में आने से बुधवार को इलाजरत दो और नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

अधिकारियों के अनुसार, इंदरवेली मंडल के डुब्बागुड़ा निवासी नागुबाई के नवजात की निर्मल के एक अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, लिंगापुर मंडल की दुर्गाबाई के बच्चे ने रिम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इससे पहले हादसे में एक महीने से कम उम्र के तीन प्री-टर्म नवजातों की दम घुटने से मौत हो गई थी। एसएनसीयू में एसी मशीन में विस्फोट के बाद जहरीला धुआं और गैस फैल गई थी। घटना के दौरान सुरक्षा गार्डों, एंबुलेंस चालकों और अस्पताल कर्मचारियों ने 20 अन्य नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

हादसे के बाद अपने बच्चों को खोने वाले परिजनों में मातम है। परिजनों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की है।

प्रारंभिक तौर पर एसी के खराब रखरखाव और रिम्स के बुनियादी ढांचे में कमी को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति हादसे के कारणों, एसएनसीयू में सुरक्षा व्यवस्था और एसी के रखरखाव समेत अन्य पहलुओं की जांच करेगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story