गणतंत्र दिवस समारोह आज, दोनों मुख्य अतिथि नई दिल्ली पहुंच चुके हैं

WhatsApp Channel Join Now
गणतंत्र दिवस समारोह आज, दोनों मुख्य अतिथि नई दिल्ली पहुंच चुके हैं


नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। भारत आज अपना गणतंत्र दिवस मना रहा है। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दोनों मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। रविवार को हवाई अड्डे पर दोनों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

भारत आगमन पर अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा ने 'एक्स' पर कहा कि भारत के 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 16वें यूरोप-भारत शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आकर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं। व्यापार और सुरक्षा से लेकर स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और मज़बूत जन संबंधों तक दोनों पक्ष एक मजबूत और बढ़ती ईयू-भारत साझेदारी का जश्न मना रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि एंतोनियो कोस्टा और उर्सुला फॉन डेर लेयेन गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। यह उच्चस्तरीय यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने तथा आपसी विश्वास और सहयोग को नई ऊंचाई देने में बेहद महत्वपूर्ण है।

नई दिल्ली में 16वां भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 27 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इसकी मेजबानी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी। शिखर सम्मेलन के दौरान भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

व्यापार, सुरक्षा एवं रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, तकनीक-नवाचार और जन-स्तरीय संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। हाल के वर्षों में भारत-ईयू संबंधों में आई सकारात्मक गति के बीच यह सम्मेलन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में एक संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा अपनाए जाने की संभावना है, जिसका उद्देश्य समृद्धि, सतत विकास, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को नई दिशा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story