चुनाव 26 : रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पुरशुरा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव 26 : रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पुरशुरा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब


हुगली, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पुरशुरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ने रविवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी उम्मीदवार बिमान घोष के समर्थन में आयोजित भव्य रोड शो और जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे इलाके में चुनावी माहौल गरमा गया।

सुबह से ही पुरशुरा के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। पार्टी के झंडे, बैनर और ढाक-ढोल के साथ निकाले गए रोड शो ने इलाके को उत्सव के माहौल में बदल दिया। यह रोड शो पुरशुरा की प्रमुख सड़कों से होकर गुजरा, जहां आम लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

जनसभा को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने लोगों से परिवर्तन के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इस मौके पर भाजपा उम्मीदवार बिमान घोष ने भी क्षेत्र के विकास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जीत मिलने पर पुरशुरा में बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रेखा गुप्ता की मौजूदगी ने इस प्रचार अभियान को और धार दी है और इससे चुनावी मुकाबला और तेज हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Share this story