कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज ने उपराष्ट्रपति को दिया ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ का निमंत्रण

WhatsApp Channel Join Now
कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज ने उपराष्ट्रपति को दिया ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ का निमंत्रण


कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज ने उपराष्ट्रपति को दिया ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ का निमंत्रण


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने सोमवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भेंट कर उन्हें सनातन संस्कारम सोसायटी द्वारा आयोजित ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मंत्री ने रामलीला आयोजन की विशेषताओं और भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों, भारतीय संस्कृति तथा सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उपराष्ट्रपति को अवगत कराया।

मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बताया कि ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को सत्य, त्याग, मर्यादा, धर्म एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे जीवन मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सनातन संस्कारम सोसायटी की ओर से आयोजित ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ का मंचन 9 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित डीडीए रामलीला मैदान में किया जा रहा है। रामलीला में भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को भव्य मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भजन संध्या, शिव विवाह, सीता स्वयंवर, राम बारात, वन गमन, केवट मिलाप, भरत मिलाप, सीता हरण, लंका दहन और रावण वध जैसे प्रमुख प्रसंग शामिल हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को भारतीय धार्मिक विरासत और भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास के चित्रों से सुसज्जित विशेष राम दरबार भी शामिल है। यह प्रस्तुति भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, भक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश को रेखांकित करती है।

आयोजकों के अनुसार ‘अद्वितीय रामलीला 2026’ का समापन 20 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के भव्य मंचन के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759562 Articles

Share this story