बिना होमवर्क किए लगाते हैं आरोप राहुल गांधी, उनकी राजनीति में दिख रही हताशा: रविशंकर प्रसाद
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की इतनी जल्दी है कि वे बिना पूरी जानकारी के सरकार पर आरोप लगाने से भी पीछे नहीं हटते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले पूरी जानकारी जुटानी चाहिए। इतना ही नहीं, उन्हें सलाह देने वाले लोगों को भी अपना होमवर्क ठीक से करना चाहिए।
भाजपा मुख्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में
लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाकर 850 करने के मुद्दे पर राहुल गांधी के बयान का जवाब देते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी इसे देश के राजनीतिक भूगोल को तोड़ने और तानाशाही लाने की कोशिश बता रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी तीन बार परिसीमन हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के शासन में परिसीमन हुआ, तब क्या देश में तानाशाही आ गई थी? उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि देश में तानाशाही की स्थिति तब बनी थी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद आपातकाल लगा दिया था।
रविशंकर प्रसाद ने सांसदों की संख्या बढ़ाने के मुद्दे पर ब्रिटेन का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन की आबादी करीब 5.88 करोड़ है, जबकि वहां हाउस ऑफ कॉमन्स में 650 सांसद हैं। वहीं भारत की आबादी 140 करोड़ से अधिक है। ऐसे में भारत में सांसदों की संख्या बढ़ाने पर चर्चा करना गलत कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे पर बेवजह भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों को समझना चाहिए।
एसआईआर यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राहुल गांधी के दावे पर भी उन्होंने सवाल उठाए। राहुल गांधी की ओर से करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कहे जाने पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इन नामों में मृत मतदाता, दूसरी जगह जा चुके लोग, डुप्लीकेट नाम और अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं। उनके मुताबिक, इनमें करीब 2.8 करोड़ मृतक, 6.3 करोड़ स्थानांतरित, 1 करोड़ डुप्लीकेट और 3 करोड़ अनुपस्थित मतदाता बताए गए हैं। ऐसे में सभी नामों को फर्जी बताना सही नहीं है।
उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भी सवाल उठाए। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को यह तक पता नहीं है कि 2024 में मुख्य चुनाव आयुक्त कौन थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बिना तथ्यों की जांच किए लगातार एक ही तरह के आरोप लगा रहे हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के बयान एक हताश नेता की राजनीति को दिखाते हैं।
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भी रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। ड्रोन दीदी योजना के जरिए महिलाओं को नई तकनीक से जोड़ा जा रहा है। चंद्रयान और मंगलयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों में महिला वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा सेना में महिलाओं को अवसर देने, उन्हें स्थायी कमीशन देने और महिलाओं के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री को बढ़ावा देने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक महिलाओं को आरक्षण देकर उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का काम किया गया है। अब लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में भी महिलाओं की भागीदारी मजबूत करने के लिए आरक्षण की पहल की जा रही है। इस दिशा में लाए जा रहे विधेयक को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को उम्मीद है कि दूसरे राजनीतिक दल भी इसका समर्थन करेंगे।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ देने तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि उन्हें देश के फैसले लेने की प्रक्रिया में भी मजबूत भागीदारी देना चाहते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

