ब्लैकलिस्टेड कंपनी पर राहुल गांधी की चुप्पी कांग्रेस के दोहरे मापदंड को उजागर करती हैः रविशंकर प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
ब्लैकलिस्टेड कंपनी पर राहुल गांधी की चुप्पी कांग्रेस के दोहरे मापदंड को उजागर करती हैः रविशंकर प्रसाद


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविशंकर प्रसाद ने झारखंड में परीक्षा अनियमितताओं और संसद के गतिरोध को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार ने एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को कई परीक्षाओं का कार्य सौंपा, फिर भी राहुल गांधी चुप हैं। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे झूठा नैरेटिव फैलाकर सदन नहीं चलने दे रहे हैं, जबकि गृहमंत्री अमित शाह प्रतिदिन सदन में मौजूद रहकर बहस का जवाब देने को तैयार हैं।

प्रसाद ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि राहुल और खरगे ने जान-बूझकर देश के सामने एक झूठा नैरेटिव फैलाया है। सरकार हर चर्चा को तैयार है। हम विपक्ष की बात भी सुनना चाहते हैं, उसका जवाब भी देना चाहते हैं, लेकिन वे बहस करें और सदन चलने दें तब न। इसलिए बिल्कुल झूठी और बेबुनियाद बातें कही जा रही हैं।

प्रसाद ने कहा कि जो जानकारी सामने आ रही है, उससे स्पष्ट है कि झारखंड सरकार ने एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को पूरा काम दे रखा है। जिस कंपनी को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ब्लैकलिस्ट किया और राजस्थान में भी ब्लैकलिस्ट किया गया, उसी कंपनी को कई परीक्षाओं का पूरा काम सौंपा गया है। इसका क्या मतलब है? यदि वहां नौकरी बिकती है, तो राहुल गांधी खामोश क्यों हैं? राहुल गांधी इलाहाबाद और अन्य स्थानों पर युवाओं से संवाद करने जाते हैं, लेकिन जिस सरकार के कंधों पर उनकी सरकार टिकी है, उस पर चुप्पी साध लेते हैं। राहुल गांधी पाखंडी हैं और उनका चेहरा दो तरह का है। यहां कुछ कहते हैं, जबकि वहां खामोश रहते हैं। देश यह सब देख रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और खरगे रोज नई-नई कहानियां गढ़ते हैं और नए-नए पोस्टर लेकर आते हैं। वे 'अमित शाह को बुलाओ, अमित शाह को बुलाओ' कहते रहते हैं, जबकि गृहमंत्री अमित शाह सुबह 10 से शाम 07 बजे तक प्रतिदिन अपने चेंबर में बैठे रहते हैं। सदन चले और बहस हो, तब गृहमंत्री अमित शाह जाकर बोलेंगे और कसकर जवाब देंगे, लेकिन विपक्ष न तो सदन चलने देता है और न ही बहस होने देता है, बल्कि केवल हो-हल्ला करता रहता है।

प्रसाद ने कहा कि राहुल और खरगे ने जान-बूझकर देश के सामने एक झूठा नैरेटिव फैलाया है। सरकार हर चर्चा को तैयार है। हम विपक्ष की बात भी सुनना चाहते हैं और उसका जवाब भी देना चाहते हैं, लेकिन वे बहस करें और सदन चलने दें तब न। इसलिए बिल्कुल झूठी और बेबुनियाद बातें कही जा रही हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story