मप्र के रतलाम में ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, करंट से तीन की मौत; 12 से ज्यादा लोग झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के रतलाम में ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, करंट से तीन की मौत; 12 से ज्यादा लोग झुलसे


रतलाम, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा क्षेत्र के ग्राम हतनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। ताजिया 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उसमें करंट फैल गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 12 से अधिक लोग झुलस गए।

हादसे के बाद जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ग्रामीणों और निजी वाहनों की मदद से घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 11:15 बजे की है। पंचमुखी महादेव मंदिर और मस्जिद के बीच मुख्य मार्ग से ताजिया निकाला जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ताजिया करीब 10 से 12 फीट ऊंचा था, लेकिन लोगों द्वारा उठाने के बाद इसकी ऊंचाई करीब 16 से 17 फीट तक पहुंच गई। इसी दौरान ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और जोरदार आवाज के साथ करंट फैल गया।

इस हादसे में ग्राम हतनारा निवासी अरबाज खान, रशीद खान और सड्डू खान की मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना

शुक्रवार को प्रशासन ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी। कलेक्टर मिशा सिंह रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम रचना शर्मा और तहसीलदार देवेंद्र दानगढ़ को गांव भेजकर घटना की जांच शुरू कराई। अधिकारियों ने ताजिया कमेटी सदर अकरम मेव सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। एसडीओपी संदीप मालवीय और पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली भी हादसे के कारणों और जिम्मेदारी तय करने की जांच कर रहे हैं।

बिजली विभाग ने की कार्रवाई

हादसे के बाद बिजली कंपनी ने भी कार्रवाई की है। ड्यूटी पर तैनात बिजलीकर्मी घनश्याम गिरी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं आउटसोर्स कर्मचारियों समरथ मकवाना और गोबीलाल को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। बिजली कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं।

मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की सहायता

प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा तत्काल सहायता के रूप में पांच-पांच हजार रुपये भी दिए गए। शुक्रवार दोपहर नमाज के बाद मृतकों का जनाजा निकाला गया और उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद जोशी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story