मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को दिखा दुर्लभ पैंगोलिन

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को दिखा दुर्लभ पैंगोलिन


- काफी समय बाद प्राकृतिक रहवास में नजर आया वन्यजीव

भोपाल, 23 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश राज्य के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को दुर्लभ पैंगोलिन दिखाई दिया। जंगल की झाड़ियों के बीच विचरण करते इस वन्यजीव को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। काफी समय बाद पैंगोलिन के दिखाई देने की पुष्टि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने की है।

जनसंपर्क अधिकारी के.के.जोशी ने सोमवार को बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों में इस दुर्लभ वन्यजीव का दिखाई देना जैव-विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पर्यटकों के लिए भी यह सफारी के रोमांच को बढ़ा वाला शुभ समाचार है।

उन्होंने बताया कि मैहर निवासी पर्यटक अंकुल त्रिपाठी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल की झाड़ियों के बीच धीरे-धीरे चलते पैंगोलिन पर पड़ी। लंबे समय बाद पर्यटकों को यह वन्यजीव अपने प्राकृतिक रहवास में देखने का अवसर मिला।

उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन एक विशिष्ट वन्यजीव है, जो मुख्य रूप से दीमक और चींटियां खाता है। भोजन की तलाश में यह जमीन पर विचरण करता है। इसकी सबसे खास विशेषता इसके शरीर पर पाये जाने वालसे कठोर शल्क हैं, जो इसे सुरक्षा प्रदान करते हैं। खतरे का आभास होने पर यह अपने शरीर को गेंद के आकार में समेट लेता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story