झारखंड के छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा सांसदों का संसद परिसर में प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा सांसदों का संसद परिसर में प्रदर्शन


रांची, 13 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर स्थित मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में सांसदों ने छात्रों के साथ कथित अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। भाजपा ने कहा कि छात्रों की न्याय की लड़ाई अब राज्य की सीमाओं तक सीमित नहीं है और पार्टी उनकी आवाज संसद तक पहुंचा रही है।

इस दौरान साहू ने कहा कि झारखंड में पिछले 20 दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं। यहां कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है और सात सालों से कांग्रेस, झामुमो द्वारा नौकरियों को बेचा जा रहा है। राहुल गांधी में थोड़ी भी नैतिकता है तो उन्हें दिल्ली से ट्वीट-ट्वीट खेलने की बजाय झारखंड आकर छात्रों-युवाओं से बात करनी चाहिए। साथ ही सीएम हेमंत सोरेन सरकार से उन्हें दो टूक बात करनी चाहिए कि छात्रों की सीबीआई जांच की मांग को सरकार अविलंब पूरी करे। अगर सरकार उनकी बात नहीं मानती है तो सरकार से समर्थन वापस लेकर उन्हें छात्रों के साथ अनशन पर बैठना चाहिए।

साहू ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो झारखंड के युवाओं के हक अधिकार को छीनने का काम कर रही है। जबकि भाजपा छात्रों के अधिकार, रोजगार और न्याय की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। राहुल गांधी और कांग्रेस से सवाल है कि झारखंड के छात्रों पर लाठियां बरसीं, फिर भी आपकी चुप्पी आखिर किसके पक्ष में है? दिल्ली और झारखंड के छात्रों के साथ आपका दोहरा रवैया क्यों ? उन्होंने कहा कि बंदर को सभी बंदर ही नजर आते हैं। यही हाल कांग्रेस पार्टी के नेताओं का है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के लिए राज्य सरकार से माफी मांगने और इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, बीडी राम, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल सहित अन्य भाजपा सांसद उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story