ग्रामीण, गरीब और आदिवासी समुदायों तक पहुंच रहा केंद्रीय योजनाओं का लाभ : आठवले

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण, गरीब और आदिवासी समुदायों तक पहुंच रहा केंद्रीय योजनाओं का लाभ : आठवले


ग्रामीण, गरीब और आदिवासी समुदायों तक पहुंच रहा केंद्रीय योजनाओं का लाभ : आठवले


रायपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने बुधवार को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य में उनके क्रियान्वयन को लेकर जानकारी साझा की। स्टेट गेस्ट हाउस ‘पहुना’ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ ग्रामीण, गरीब और आदिवासी समुदायों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है। इस दौरान आठवले ने जन धन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास समेत विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं।

केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट 2026-27 में राज्य के लिए 50,427 करोड़ रुपये के कर हस्तांतरण का प्रस्ताव किया गया है। साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के लिए राज्य की वित्तीय क्षमता और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 15,000 करोड़ रुपये के अनुदान का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के लोगों मिल रहा है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत राज्य में 1.88 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 9,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 39.75 लाख से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गई है। कोरबा में 130 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित इंडियन ऑयल का बॉटलिंग प्लांट क्षेत्र में रोजगार, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा दे रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 4,699 करोड़ रुपये के आवंटन से 1.77 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है। उजाला योजना के अंतर्गत राज्यभर में 1.08 करोड़ एलईडी बल्ब वितरित किए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने वंचित वर्गों के कल्याण पर केंद्र सरकार के निरंतर ध्यान को दोहराते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पहलों को समर्थन देने के लिए क्षेत्र में 5 नशा मुक्ति केंद्रों और 3 वृद्ध आश्रमों के लिए धन प्रदान किया गया है।

इससे पहले आठवले ने सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के कार्यान्वयन और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति बैकलाग भर्ती की प्रगति का आकलन करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और रायपुर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story