कांग्रेस और समूचा विपक्ष संविधान बदलने का झूठा भय फैलाकर देश को गुमराह कर रहा : रामदास आठवले

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस और समूचा विपक्ष संविधान बदलने का झूठा भय फैलाकर देश को गुमराह कर रहा : रामदास आठवले


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)।

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित संविधान सम्मान रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी दल केंद्र सरकार पर संविधान बदलने के भ्रामक और निराधार आरोप लगाकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में विपक्ष के इस दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

तालकटोरा स्टेडियम में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि आने वाले दिनों में देश के विभिन्न राज्यों, जिलों, तहसीलों और गांवों में संविधान सम्मान कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं समानता के बाबासाहेब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों को गंभीर रूप से प्रभावित किया, वे आज संविधान और लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र और संविधान के प्रति पूरी तरह जागरूक है तथा वह राजनीतिक दुष्प्रचार को भली-भांति समझती है।

आरपीआई अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक एवं स्वतंत्र संस्था पर बिना ठोस आधार के आरोप लगाना लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर करने का प्रयास है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और मोदी जी चौथी बार प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करेंगे।

उन्होंने कहा कि आरपीआई (आठवले) शोषित, वंचित, पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं दलित वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है तथा बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रामदास आठवले जी ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी संभावित राजनीतिक पराजय का ठीकरा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर डालने की तैयारी कर रहा है, लेकिन देश की जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं में अपना विश्वास बनाए रखेगी।

आठवले ने कहा कि देश का संचालन बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर के संविधान के अनुसार होगा, न कि कांग्रेस या किसी राजनीतिक दल अथवा राहुल गांधी की मनमानी से। उन्होंने कहा कि संविधान भारत के लोकतंत्र की आधारशिला है और आरपीआई (आठवले) संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story