रामकृष्ण हेगड़े दूरदर्शी नेता और संस्थाओं एवं नेताओं के निर्माता थे: उपराष्ट्रपति

WhatsApp Channel Join Now
रामकृष्ण हेगड़े दूरदर्शी नेता और संस्थाओं एवं नेताओं के निर्माता थे: उपराष्ट्रपति


बेंगलुरु, 29 अगस्त (हि.स.)। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत रामकृष्ण हेगड़े महान राजनेता, राष्ट्रवादी और कुशल नेतृत्वकर्ता थे। उन्होंने अनेक नेताओं को तैयार करने के साथ संस्थाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में कर्नाटक सुशासन का एक आदर्श बना था। यह बात उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कही।

बेंगलुरु के विधानसौध में आयोजित रामकृष्ण हेगड़े के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होकर उन्होंने हेगड़े के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन को याद किया। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण हेगड़े केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि संस्थाओं और नई पीढ़ी के नेताओं के निर्माता थे।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि “महान नेता एक क्षण को बदल सकते हैं, लेकिन महान संस्थाओं के निर्माता पीढ़ियों को बदल देते हैं।” हेगड़े के सार्वजनिक जीवन और उनके योगदान को इसी दृष्टि से देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हेगड़े की ईमानदारी, साहस और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। हेगड़े के मूल्यों और आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनकी विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित रामकृष्ण हेगड़े के परिवार के सदस्य, मित्र और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Share this story