मैंने मौन धारण कर लिया, एसआईटी की पूरी रिपोर्ट आने के बाद जवाब दूंगा : चंपत राय
- ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने रामभक्तों के नाम जारी की पाती
लखनऊ, 07 जुलाई (हि.स.)। श्री रामजन्म भूमि मंदिर अयाेध्या के दानपात्र चोरी प्रकरण को लेकर तीर्थ क्षेत्र के महासचिव पद से त्यागपत्र देने और ट्रस्ट की बैठक में उनका त्यागपत्र स्वीकार किए जाने के बाद वरिष्ठ प्रचारक चंपत राय ने मंगलवार को रामभक्तों के नाम पाती लिखी है। बड़े ही भावुक हाेकर उन्होंने लिखा है कि `मैंने मौन धारण कर लिया है और एसआईटी की पूरी रिपोर्ट आने के बाद सभी बिंदुओं पर जवाब दूंगा।'
वरिष्ठ प्रचारक चंपत राय द्वारा रामभक्तों के लिए लिखी गयी यह पाती सोशल मीडिया में जारी की गयी है। पाती में उन्होंने लिखा है कि `पिछले 06 जून से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के दानपात्र की गणना के समय की गयी चोरी से संबंध में अनेक प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं, व्यक्तिगत मेरे ऊपर अनेकों अनर्गल आरोप लगाए हैं, मैंने मौन धारण कर लिया है।'
उन्होंने लिखा है कि मंदिर ट्रस्ट की 06 जुलाई को संपन्न बैठक में एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी। यह रिपोर्ट अब सार्वजनिक हो चुकी है, यद्यपि यह परम गोपनीय थी, आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद फैलाए जा रहे सभी बिंदुओं पर अपना उत्तर क्रमानुसार दूंगा, सभी सत्य सामने आ जाएगा।
वरिष्ठ संघ प्रचारक चंपत राय ने आगे यह भी लिखा है कि अक्टूबर 1991 से अयोध्या भेजा गया संगठन द्वारा मेरा प्रचारक जीवन 45 वर्ष से जहां-जहां मैं रहा, खुली पुस्तक के समान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

