रकुल प्रीत सिंह ने आयकर छापे की खबरों पर दी सफाई

WhatsApp Channel Join Now
रकुल प्रीत सिंह ने आयकर छापे की खबरों पर दी सफाई


मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अपने खिलाफ सामने आई आयकर विभाग की तलाशी से जुड़ी खबरों को गलत बताते हुए सोशल मीडिया पर सफाई दी है। दरअसल, पिछले महीने ऐसी खबरें सामने आई थीं कि आयकर विभाग ने रकुल, उनके ससुर और फिल्म निर्माता वाशु भगनानी तथा मुंबई स्थित पैनोरमा स्टूडियो से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली थी। अब रकुल ने इन दावों को खारिज करते हुए बिना तथ्यों की पुष्टि खबरें प्रकाशित करने वालों पर नाराजगी जताई है।

रकुल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह तलाशी उनके बारे में नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह सशस्त्र बलों की पृष्ठभूमि से आती हैं और फिल्म इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं रहा है। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है और 20 साल की उम्र से एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर नियमित रूप से करों का भुगतान करती आ रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह निजी तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की ओर से किसी गैरकानूनी विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं हैं।

रकुल ने आगे कहा कि देश या विदेश में उनके नाम पर कोई बेनामी संपत्ति नहीं है और न ही उन्होंने कभी किसी से महंगी संपत्ति उपहार में ली है। उन्होंने संबंधित रिपोर्ट प्रकाशित करने वालों से खबरें वापस लेने और सही तथ्य सामने रखने की अपील की। अभिनेत्री ने कहा कि मीडिया पर व्यावसायिक दबाव हो सकता है, लेकिन इसकी कीमत सच, किसी की प्रतिष्ठा या रोजी-रोटी नहीं होनी चाहिए। रकुल जल्द ही नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' में शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी, जो दिवाली 2026 में रिलीज होने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story