केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने किया कोलकाता साई केंद्र का दौरा, सुविधाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने किया कोलकाता साई केंद्र का दौरा, सुविधाओं का लिया जायजा


कोलकाता, 17 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्र का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद खेल ढांचे, एथलीट विकास सुविधाओं और अन्य सहायता प्रणालियों की समीक्षा की। गुरुवार को दौरे के दौरान उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने हॉकी मैदान का दौरा किया, जहां उन्होंने खिलाड़ियों और कोच के साथ बातचीत कर उनके प्रशिक्षण, सुविधाओं और जरूरतों पर फीडबैक लिया। उन्होंने जिमनास्टिक और टेबल टेनिस के इंडोर स्टेडियम का भी जायजा लिया और वहां मौजूद एथलीटों से मुलाकात की।

मंत्री ने खेल विज्ञान विभाग का दौरा कर कर्मचारियों से बातचीत की और खिलाड़ियों के विकास, रिकवरी और उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में वैज्ञानिक मदद की भूमिका पर चर्चा की। इस मौके पर साई कोलकाता के क्षेत्रीय निदेशक शिवानंद मिश्रा, ओलंपियन सोमा बिस्वास और पौलमी घटक, माई भारत के क्षेत्रीय निदेशक देव कुमार चटर्जी और भारतीय महिला रग्बी टीम की सदस्य मौजूद थीं। मंत्री ने अच्छी कोचिंग के साथ-साथ खेल विज्ञान, बेहतर पोषण और रिहैबिलिटेशन जैसी सुविधाओं को आपस में जोड़ने पर खास जोर दिया।

अपने दौरे में रक्षा खडसे ने 300 बिस्तरों वाले नए खेलो इंडिया छात्रावास का भी निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने तीरंदाजी और एथलेटिक्स मैदान में जाकर कोच और खिलाड़ियों से उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली।

सुविधाओं के निरीक्षण के बाद उन्होंने क्षेत्रीय केंद्र के कामकाज को लेकर साई अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने और युवा एथलीटों को उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में हर संभव मदद का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की खेल संस्कृति बहुत समृद्ध है और इसे बेहतर बुनियादी ढांचे, वैज्ञानिक प्रशिक्षण तथा अच्छी कोचिंग के जरिए और मजबूत किया जा सकता है।

बता दें कि पूर्वी क्षेत्रीय साई केंद्र पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, त्रिपुरा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में साई की योजनाओं को लागू करने का एक अहम केंद्र है। यहां हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, इंडोर खेल सुविधाओं के साथ-साथ एक समर्पित खेल विज्ञान केंद्र भी मौजूद है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story