महाराष्ट्र जालना स्कूल मामला : रक्षा खडसे ने कहा-स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र जालना स्कूल मामला : रक्षा खडसे ने कहा-स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए


सूरत, 19 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के जालना जिले के परतूर स्थित एक निजी स्कूल के वार्षिक समारोह में कथित रूप से पाकिस्तान से जुड़े गीतों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। इस मामले में आज केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने सूरत में कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूरत दौरे पर पहुंचीं रक्षा खडसे ने हिंदुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में पाकिस्तान से जुड़े गीतों पर बच्चों को प्रस्तुति कराई गई है, तो यह बेहद गंभीर विषय है और ऐसी घटनाएं देश में स्वीकार्य नहीं हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा के संस्कार दिए जाने चाहिए, न कि ऐसे कार्यक्रमों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए जो गलत संदेश दें। उन्होंने कहा कि जिस देश में हम रहते हैं, उसके प्रति कर्तव्य और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। विद्यार्थियों को देश, समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े मूल्यों की शिक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के संबंधों की वास्तविकता सभी जानते हैं। ऐसे में यदि कोई शैक्षणिक संस्था इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करती है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

महाराष्ट्र सरकार की भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह मामला राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्री इस मामले को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इस विषय पर राज्य सरकार से चर्चा करने का प्रयास करेंगी।

उल्लेखनीय है कि जालना जिले के परतूर स्थित किड्स वर्ड इंग्लिश स्कूल के वार्षिक समारोह में ' सर तन से जुदा' गाने का वीडियो वायरल होने पर विद्यालय प्रबंधक सहित 3 पर कार्यवाही की गई है। इस वीडियो में कुछ विद्यार्थियों को कथित रूप से विवादित गीतों पर प्रस्तुति देते हुए देखा गया, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story