राज्यसभा सचिवालय के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा सचिवालय के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)।

हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्यसभा सचिवालय के तत्वावधान में आयोजित हिंदी पखवाड़े का सोमवार को शुभारंभ हुआ। 28 सितंबर तक चलने वाले हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ हिंदी निबंध एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता, हिंदी अनुवाद एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन के साथ हुआ। इन प्रतियोगिताओं में सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी के प्रति अपनी रुचि और अनुराग का परिचय दिया।

पखवाड़े के आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत कम्प्यूटर पर हिंदी टंकण प्रतियोगिता, सुलेख एवं शुद्ध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा हिंदी काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से प्रतिभागियों को हिंदी भाषा के विभिन्न आयामों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के प्रति अपने जुड़ाव को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव (संपादन एवं अनुवाद) महेन्द्र सिंह ने सचिवालय के कार्यालयी कामकाज में हिंदी के प्रयोग में हो रही बढ़ोतरी की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी पखवाड़ा केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए अनुकूल वातावरण निर्मित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर हिंदी के प्रति अपने लगाव तथा राजभाषा के प्रति अपने सम्मान को अभिव्यक्त करें।

हिंदी पखवाड़े का समापन पुरस्कार वितरण समारोह तथा राज्य सभा सचिवालय की वार्षिक गृह पत्रिका 'नूतन प्रतिबिंब' के 21वें अंक के लोकार्पण के साथ किया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story