राजौरी में एलओसी के पास गश्त के दौरान माइन ब्लास्ट में भारतीय सेना के नायब सूबेदार घायल
राजौरी, 04 जुलाई (हि.स.)। राजौरी जिले के नौशहरा के झांगड़ सेक्टर में एलओसी के पास गश्त के दौरान माइन ब्लास्ट में भारतीय सेना की 14 असम यूनिट के नायब सूबेदार हितेश्वर गोगोई घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कमांड अस्पताल उधमपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सेना की टीम झांगड़ के अग्रिम इलाके में नियमित पेट्रोलिंग और क्षेत्र की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। इसमें नायब सूबेदार हितेश्वर घायल हो गए। विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और सेना ने तत्काल पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
सेना के अधिकारियों ने बताया कि घायल अधिकारी को पहले नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां से कमांड अस्पताल उधमपुर भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट पुराने लैंडमाइन या गश्त मार्ग में मौजूद विस्फोटक सामग्री के कारण हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की जांच कर रही हैं ताकि किसी अन्य संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि नियंत्रण रेखा से सटे राजौरी और नौशहरा सेक्टर में बारिश के मौसम में कई बार पुरानी बारूदी सुरंगें खिसक जाती हैं। इससे जवानों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

