राजनाथ का ममता सरकार पर हमला, बोले- बंगाल की स्थिति को किया बदतर

WhatsApp Channel Join Now
राजनाथ का ममता सरकार पर हमला, बोले- बंगाल की स्थिति को किया बदतर


उत्तर 24 परगना, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल की स्थिति बद से बदतर हो गई है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने बैरकपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के तीन कार्यकाल के दौरान राज्य की आर्थिक संभावनाओं को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भारत की कुल अर्थव्यवस्था में बंगाल का हिस्सा लगभग 10 प्रतिशत से ज्यादा था, लेकिन आज स्थिति बिल्कुल बदल गई है। अब बंगाल का देश की अर्थव्यवस्था में हिस्सा घटकर लगभग 6 प्रतिशत रह गया है।

राजनाथ ने कहा कि जहां देश के अन्य राज्यों में औद्योगिक विकास तेजी से हो रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल में निवेश का माहौल कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई उद्योग राज्य से बाहर चले गए हैं और नए निवेशक भी यहां आने से हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ममता दीदी के राज में हालात ऐसे हो गए हैं कि यहां न्याय देने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं। आज प्रदेश में ज्यूडिशियल ऑफिसर्स को रातभर बंधक बना लिया जाता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि बंकिमचंद्र चटर्जी ने ‘वंदे मातरम्’ के रूप में केवल शब्द ही नहीं दिए थे, बल्कि एक सोई हुई और अपनी पहचान खो चुकी सभ्यता को उसका आत्मबोध भी कराया था। बंकिम बाबू ने भारतवासियों को यह याद दिलाया कि हम सभी भारत माता की संतान हैं। उन्होंने लोगों को स्वधर्म का महत्व समझाया और यह बताया कि स्वराज और स्वधर्म की कीमत क्या होती है।

सिंह ने कहा कि भाजपा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि काजी मासूम अख्तर बच्चों को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाने के लिए प्रेरित करते थे, जिसके कारण उस समय उन्हें तृणमूल सरकार द्वारा सजा दी गई थी, लेकिन उन्हीं काजी मासूम अख्तर को वर्ष 2020 में साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए केंद्र सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती है, न कि सांप्रदायिकता फैलाने में।

राजनाथ सिंह ने भाजपा के विकास संबंधी एजेंडे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल में बुनियादी ढांचे का विस्तार, उद्योगों की वृद्धि, रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना चाहती है। भाजपा चाहती है कि केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के निवेशक बंगाल की धरती पर निवेश करें, ताकि राज्य के लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके और बंगाल विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ सके।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story