रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शेरेथांग में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

WhatsApp Channel Join Now
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शेरेथांग में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की


गंगटोक (सिक्किम), 08 नवंबर (हि.स.)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान भारत-चीन सीमा क्षेत्र में स्थित सिक्किम के शेरेथांग का दौरा किया। वह सेना के हेलीकॉप्टर से शेरेथांग स्थित हेलीपैड पर उतरे।

इस अवसर पर गंगटोक के जिलाधिकारी रोहन अगवाने, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. छिरिंग नामग्याल ग्यात्सो, गृह विभाग के संयुक्त सचिव जॉन गुरूंग तथा भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

दौरे के दौरान रक्षामंत्री सिंह ने शेरेथांग युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा में सैनिकों द्वारा प्रदर्शित साहस एवं वीरता को नमन किया।

इसके बाद उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ बातचीत की तथा कठिन परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण और योगदान की सराहना की। उन्होंने बाबा हरभजन सिंह मंदिर के दर्शन कर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए।

उल्लेखनीय है कि रक्षामंत्री सिंह ने अपने दौरे के पहले दिन 7 नवंबर को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा वायुसेना केंद्र में भारतीय वायुसेना के अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात की थी। इसके अलावा, उन्होंने सिलीगुड़ी के सुकना में भी भारतीय सेना के जवानों के साथ बातचीत की थी।

भ्रमण के दूसरे दिन रक्षामंत्री सिंह आज सुबह सिक्किम पहुंचे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story