केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सोमवार को नई दिल्ली में लॉन्च करेंगे पशुधन बीमा पोर्टल
-पशुधन बीमा पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ 11 क्षेत्रीय भाषाओं में भी डिजिटल बीमा सेवाएं देगा
नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सोमवार, 28 सितंबर को पशुपालन और डेयरी विभाग के 'लाइवस्टॉक इंश्योरेंस पोर्टल' (पशुधन बीमा पोर्टल) का नई दिल्ली में शुभारंभ करेंगे। यह पशु बीमा पोर्टल देश में पशु बीमा सेवाओं के डिजिटल बदलाव की दिशा में एक अहम कदम होगा।
विभाग ने अपने बयान में बताया कि यह पोर्टल पशुपालन और डेयरी विभाग की पशु बीमा योजना के तहत बीमित पशुओं के लिए बीमा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं-जैसे पॉलिसी जारी करना, क्लेम प्रोसेस करना, मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग को आसान बनाने के लिए एक ही इंटीग्रेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और इस्तेमाल में आसान बनाने के लिए यह पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 11 क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध होगा, जिससे पशुपालक अपनी जानी-पहचानी भाषाओं में जानकारी और सेवाएं पा सकेंगे।
इस पहल का मकसद पशुधन बीमा सेवाओं को ज्यादा पारदर्शी, कुशल, सुलभ और टेक्नोलॉजी पर आधारित बनाना है। साथ ही पशुपालकों के लिए जोखिम से सुरक्षा को मजबूत करना और उनकी आजीविका की स्थिरता को सहारा देना है।
यह पोर्टल पशुधन बीमा कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय, रियल-टाइम निगरानी और डेटा-आधारित प्रबंधन में भी मदद करेगा, जिससे पूरे देश में सेवा वितरण में सुधार होगा। यह शुभारंभ पशुधन बीमा प्रक्रियाओं को आसान बनाने, संस्थागत दक्षता को मजबूत करने और समावेशी, तकनीक-आधारित सेवाओं को पशुपालकों के करीब लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा

