राजस्थान में मेगा हाईवे पर निजी बस–ट्रोला की आमने-सामने टक्कर, पांच यात्रियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में मेगा हाईवे पर निजी बस–ट्रोला की आमने-सामने टक्कर, पांच यात्रियों की मौत


हनुमानगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रावतसर थाना क्षेत्र में सरदारशहर रोड स्थित बरमसर के पास मेगा हाईवे पर एक निजी बस और ट्रोले की आमने-सामने भिड़ंत में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे सरसों से भरी दो ट्रॉलियां खड़ी थीं। बस चालक उन्हें ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रोले से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से रावतसर अस्पताल पहुंचाया गया।

एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही पांच यात्रियों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल 3-4 लोगों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि 7 घायलों का इलाज रावतसर अस्पताल में चल रहा है। हादसे में मारे गए पांच लोगों में से तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है, जिनमें अजय बंसल पुत्र श्यामलाल बंसल, श्यामलाल, हरिराम पुत्र हनुमान प्रसाद हैं। ये लोग हनुमानगढ़ टाउन के रहने वाले थे। पुलिस एक महिला और पुरुष के शव की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।

हादसे में सुमन पत्नी अमित सोनी उम्र 38 साल निवासी श्रीगंगानगर, महेन्द्र कुमार पुत्र जगदीश सुथार उम्र 39 साल निवासी श्रीगंगागनर, आदित्य पुत्र अशोक कौशल उम्र 17 साल, अरविन्द पुत्र हंसराज जाट उम्र 38 साल निवासी लालगढ़ जाटान और रितु नागपाल पुत्र हरीश अरोड़ा उम्र 40 साल निवासी वार्ड नंबर 18 दुर्गा कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन गंभीर घायल है।

हादसे के वक्त अधिकतर सवारियां सो रही थी। तभी तेज धमाके की आवाज से सवारियों की नींद खुल गई। ट्रक से टकराते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायल लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।

हादसे के बाद मेगा हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया। इसके बाद यातायात सुचारू करवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब सरसों से भरी दो ट्रॉलियां सड़क पर खड़ी थी। बस चालक ने इन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रहे ट्रोले से बस की जोरदार टक्कर हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story