(अपडेट) राजस्थान में टायर फटने से खाई में गिरी कार, आगरा के चार युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के जयपुर ग्रामीण जिले के रायसर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-148 (दौसा-मनोहरपुर) पर शुक्रवार सुबह टायर फटने से स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। सभी उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी में भजन-कीर्तन का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण करने आए थे। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

सीओ रामकिशन विश्नोई ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रायसर थाना क्षेत्र में हुआ। कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में आगरा जिले के रामबाग निवासी अतुल वार्ष्णेय (35), कालिंदी विहार निवासी मुकुल जायसवाल (21), रूपेश जाटव (25) और शिवा सिंह (20) की मौत हो गई। वहीं, नुनिहाई निवासी राहुल शर्मा (36) और बल्केश्वर निवासी अर्पित बंसल (20) घायल हो गए। दोनों को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अतुल के छोटे भाई रोहित वार्ष्णेय ने बताया कि अतुल अपने दोस्तों और स्टाफ के साथ 21 अक्टूबर को आगरा से खाटूश्यामजी गए थे। वहां 22 अक्टूबर को एकादशी के अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण करना था। कार्यक्रम की लाइव कवरेज पूरी करने के बाद सभी कार से लौट रहे थे। कार अतुल के नाम पर थी और उसे राहुल शर्मा चला रहा था। रोहित को हादसे की सूचना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मिली।

रोहित ने बताया कि अतुल की शादी वर्ष 2016 में सिम्मी वार्ष्णेय से हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं- रुद्रांशी (9), ख्याति (5) और तृषा (तीन माह)। पिता वीरेंद्र किराना की दुकान चलाते हैं। अतुल शादियों में फोटोग्राफी करने के साथ यूट्यूब पर कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी करते थे और अपना यूट्यूब चैनल चलाते थे।

हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम जैसे हालात बन गए और करीब एक घंटे तक यातायात धीमा रहा। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद यातायात सुचारू करवाया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को हटाया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story