रेलवे ने लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन को जींद तक बढ़ाने की दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए उत्तर रेलवे की दैनिक लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन (54053/54054) का विस्तार जींद तक करने को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से पंजाब और हरियाणा के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों सहित अन्य यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, अब ट्रेन संख्या 54054 लुधियाना से सीधे जींद तक चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 54053 जींद से लुधियाना के लिए संचालित होगी। इससे पहले यह ट्रेन केवल लुधियाना और जाखल के बीच चलती थी।

ट्रेन के विस्तार के बाद इसकी यात्रा दूरी 128 किलोमीटर से बढ़कर 200 किलोमीटर हो जाएगी। साथ ही जाखल और जींद के बीच आने वाले सभी स्टेशनों पर ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव होगा। इससे इस मार्ग के कस्बों और गांवों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्रालय ने कहा कि इस विस्तार से यात्रियों को जींद जाने के लिए जाखल में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी तथा पंजाब और हरियाणा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क भी मजबूत होगा।

मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय रेल संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story