गुजरात में गेरतपुर-अहमदाबाद खंड पर 153 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा चार लेन आरओबी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने गुजरात में पश्चिम रेलवे के गेरतपुर-अहमदाबाद खंड में लेवल क्रॉसिंग संख्या 305 पर चार लेन वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 153 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना पश्चिम रेलवे में रेलवे ओवरब्रिज, रेलवे अंडरब्रिज, फुटओवर ब्रिज के निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और मौजूदा आरओबी-आरयूबी के पुनर्निर्माण से संबंधित व्यापक कार्य के तहत स्वीकृत की गई है।

रेलवे क्रॉसिंग घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र में स्थित है। इसे देखते हुए आरओबी के लिए लंबे एप्रोच और बड़े ढांचे की आवश्यकता होगी। रेलवे पुल वाले हिस्से की कुल लंबाई 106 मीटर होगी, जिसमें 53-53 मीटर के दो कंपोजिट गर्डर लगाए जाएंगे। इसके बाद 150 मीटर लंबा वायाडक्ट होगा, जबकि रेलवे की ओर का एप्रोच 595 मीटर लंबा होगा।

नए आरओबी के निर्माण से सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे फाटक पर ट्रेनों के गुजरने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और रेल लाइन के ऊपर वाहनों की आवाजाही हर समय निर्बाध बनी रहेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन, यात्रा समय में कमी और लेवल क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार, इस परियोजना की मंजूरी देशभर में लेवल क्रॉसिंग को समाप्त करने, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने और आधुनिक एवं कुशल परिवहन ढांचा विकसित करने की दिशा में भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story