सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत करने के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) मुंबई और सावंतवाड़ी रोड के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है। 510 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर शुरू होने वाली नई सेवा से पर्यटन, शिक्षा, रोजगार, व्यापार और अन्य कार्यों से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन 15087 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस तथा 15088 सावंतवाड़ी रोड–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस के रूप में प्रतिदिन संचालित होगी।

नई एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, माणगांव, वीर, खेड़, चिपलून, सावरदा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अदावली, वलिवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल और सावंतवाड़ी रोड स्टेशनों पर होगा। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र का कोंकण के प्रमुख शहरों और जिलों से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

मंत्रालय ने कहा कि नई ट्रेन सेवा से दक्षिण कोंकण के समुद्र तटों, किलों, मंदिरों और ईको-टूरिज्म स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और स्थानीय लोगों को भी यात्रा का एक अतिरिक्त एवं सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह सेवा कोंकण क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देने, यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने और इस मार्ग पर बढ़ती रेल यात्रा की मांग को पूरा करने में मदद करेगी। भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, क्षेत्रीय रेल संपर्क का विस्तार करने और संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए कदम उठा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story