अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, आदर्श नगर पर दो ट्रेनों का प्रायोगिक ठहराव
नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 22407/22408 अब साप्ताहिक के स्थान पर सप्ताह में दो दिन चलेगी। ट्रेन के मार्ग, समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस अब रविवार और मंगलवार को चलेगी। यह बदलाव 4 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा। वहीं, ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस मंगलवार और गुरुवार को चलेगी। इसकी नई व्यवस्था 6 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।
इसके अलावा रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली जंक्शन-कालका एक्सप्रेस और दिल्ली जंक्शन-करटोली पंजाब हिमाचल एक्सप्रेस का आदर्श नगर दिल्ली स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का निर्णय लिया है। दोनों ट्रेनों का ठहराव 30 सितंबर से प्रभावी होगा।
ट्रेन संख्या 14331 दिल्ली जंक्शन-कालका एक्सप्रेस आदर्श नगर दिल्ली स्टेशन पर शाम 4:35 बजे पहुंचेगी और 4:37 बजे रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14053 दिल्ली जंक्शन-करटोली पंजाब हिमाचल एक्सप्रेस रात 11:12 बजे आदर्श नगर पहुंचेगी और 11:14 बजे रवाना होगी।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेनों के संचालन संबंधी ताजा जानकारी के लिए एनटीईएस देखने या 139 पर संपर्क करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

