रेल राज्यमंत्री सोमन्ना ने दिल्ली मंडल के नियंत्रण कार्यालय का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
रेल राज्यमंत्री सोमन्ना ने दिल्ली मंडल के नियंत्रण कार्यालय का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। रेल राज्यमंत्री वी. सोमन्ना ने बुधवार को दिल्ली मंडल के नियंत्रण कार्यालय का दौरा कर रेलवे परिचालन, सुरक्षा, ट्रेनों के समयपालन और यात्रियों की शिकायतों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर रेलवे परिचालन में सुधार के लिए तकनीक के अधिक इस्तेमाल और कर्मचारियों की कार्यस्थितियों को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की।

सोमन्ना ने दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश आर. त्रिपाठी और उनकी टीम के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नियंत्रण कार्यालय में सेक्शन कंट्रोलरों के कामकाज के अलावा इंजीनियरिंग, कोचिंग, माल, वाणिज्यिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, ट्रैक्शन और सुरक्षा नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने अत्याधुनिक सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन (एससीएडीए) केंद्र और दिल्ली मंडल के ‘वार रूम’ का भी निरीक्षण किया।

रेल मंत्रालय के अनुसार, मंडल का नियंत्रण कार्यालय चौबीसों घंटे ट्रेनों के परिचालन, रखरखाव की योजना, निगरानी और सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का केंद्र होता है। दिल्ली मंडल रेलवे के सबसे जटिल प्रशासनिक मंडलों में शामिल है।

मंत्री ने रेलवे परिचालन, सुरक्षा निगरानी और रखरखाव में तकनीक के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित प्रणालियों से मानवीय त्रुटियों को कम करने और सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिली है। भविष्य में ‘मेक इन इंडिया’ सहित अन्य नीतिगत पहलों के माध्यम से इन प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।

सोमन्ना ने रेलवे कर्मचारियों के अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि रेलकर्मी चौबीसों घंटे काम करते हैं और उनका समर्पण सेना के जवानों की प्रतिबद्धता के समान है। उन्होंने परिचालन दक्षता, सुरक्षा निगरानी और तकनीक आधारित नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story