दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे का एहतियाती कदम, कई ट्रेनें रद्द

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में 10 अक्टूबर को विपक्षी दलों के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए रेलवे ने कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द करने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार, खुफिया सूचनाओं और यातायात परामर्श के आधार पर मध्य दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के कारण दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी जाम लगने की आशंका है। इससे यात्रियों को समय पर स्टेशन पहुंचने में परेशानी हो सकती है।

रेलवे ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ और सड़क अवरोध के कारण बड़ी संख्या में यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाए थे और करीब पांच हजार यात्री ट्रेन छूटने के कारण प्लेटफॉर्म पर ही रह गए थे। ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए यह एहतियाती निर्णय लिया गया है।

निर्णय के तहत 9 अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली वे सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना निर्धारित था।

रेलवे ने यह कदम यात्रियों को संभावित असुविधा से बचाने और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story