रेल यात्रियों से सतर्क व सजग रहने की अपील, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 139 पर दें : रेलवे
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। हाल के दिनों में रेलवे को निशाना बनाने वाली घटनाओं के मद्देनजर रेल मंत्रालय ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क और सजग रहने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि स्टेशन परिसर या ट्रेनों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को यहां रेल भवन में रेलवे सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलवे राज्यमंत्री वी. सोमन्ना, रवनीत सिंह बिट्टू तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार सहित देशभर के फील्ड अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में बताया गया कि ट्रेनों, यात्रियों, स्टेशन परिसरों और विशाल रेल नेटवर्क की सुरक्षा बढ़ाने के लिए रेलवे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ड्रोन, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग कर रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के स्तर पर खुफिया तंत्र को मजबूत करते हुए मिशन मोड में यह अभियान चलाया जा रहा है।
समीक्षा बैठक के दौरान हाल के कुछ अग्निकांडों सहित कई घटनाओं की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आने की जानकारी दी गई। रेलवे ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि आरपीएफ सक्रिय रूप से जांच कर रही है। कई मामलों में रेलवे की त्वरित और सक्रिय कार्रवाई से बड़ी घटनाओं को टालने में सफलता मिली।
बैठक में फील्ड स्तर से खुफिया जानकारी जुटाने की प्रणाली को और मजबूत बनाने, रिपोर्टिंग तंत्र में सुधार करने तथा तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था को विस्तार देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, साइबर सुरक्षा मजबूत करने, उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाने और एआई आधारित निगरानी प्रणाली विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
मंत्रालय ने कहा कि रेलवे बोर्ड, विभिन्न जोनों, आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को और बेहतर बनाकर सुरक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

