दिल्ली-मुंबई रेलखंड के उत्तर रेलवे हिस्से में ‘कवच 4.0’ प्रणाली लागू
नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने मंगलवार को बताया कि स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ को उत्तर रेलवे के दिल्ली-पलवल रेलखंड पर सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, ‘कवच 4.0’ प्रणाली को नई दिल्ली स्टेशन से जंक्शन केबिन सेक्शन तक सफलतापूर्वक कमीशन किया गया। इसके साथ ही नई दिल्ली-मुंबई रेलखंड के उत्तर रेलवे हिस्से में, नई दिल्ली स्टेशन को छोड़कर, तिलक ब्रिज-पलवल खंड पूरी तरह ‘कवच’ प्रणाली के दायरे में आ गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत 21.6 रूट किलोमीटर सेक्शन और 86 ट्रैक किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया गया है। इसके अलावा तुगलकाबाद, ओखला, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज स्टेशनों पर ट्रेन टक्कर निवारण प्रणाली (एसटीसीएएस) स्थापित की गई है।
परियोजना के अंतर्गत 1200 से अधिक रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग लगाए गए हैं, जबकि 1326 ‘कवच’ रिले वायरिंग और परीक्षण कार्य पूरे किए गए। इसके साथ ही 653 ‘कवच’ रूट का फैक्टरी एक्सेप्टेंस टेस्ट (एफएटी) तथा 2510 ‘कवच’ एस्पेक्ट कॉम्बिनेशन का साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट (एसएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रेलवे ने बताया कि ‘कवच’ संचार व्यवस्था के लिए चार टावर स्थापित किए गए हैं। साथ ही इस खंड में अप और डाउन बैकबोन ऑप्टिकल फाइबर केबल नेटवर्क की 42 किलोमीटर लंबी व्यवस्था की गई है। नई दिल्ली कंट्रोल में नेटवर्क मैनेजमेंट सिस्टम (एनएमएस) की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि ‘कवच’ भारतीय रेलवे की स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है, जिसे सिग्नल पार करने जैसी मानवीय त्रुटियों को रोकने और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। कवच लोको पायलट को निर्दिष्ट गति सीमा के भीतर ट्रेनों को चलाने में सहायता करता है, यदि लोको पायलट ऐसा करने में विफल रहता है तो यह स्वचालित रूप से ब्रेक लगा देता है और खराब मौसम के दौरान ट्रेनों को सुरक्षित रूप से चलाने में भी मदद करता है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

