श्रीनगर से नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद रूहुल्लाह ने इस्तीफा देने का ऐलान किया, पार्टी भी छोड़ी

WhatsApp Channel Join Now

बड़गाम, 03 नवंबर (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) से श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने मंगलवार को पार्टी और लोकसभा की सदस्यता से एक साथ इस्तीफ़ा देने का ऐलान करके सबको हैरत में डाल दिया। उन्होंने पार्टी पर जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात करने और चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

बडगाम के बहिश्त-ए-ज़हरा पार्क में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस्तीफा देने की घोषणा की। अपने पिता आगा सैयद मेहदी की पुण्यतिथि पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए रूहुल्लाह ने एनसी नेतृत्व के साथ अपने मतभेदों को दोहराया। रूहुल्लाह ने कहा कि पार्टी के साथ उनके मतभेद सिद्धांतों और राजनीतिक वादों से जुड़े हैं। इनमें मुख्य रूप से अनुच्छेद 370 की बहाली, संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा, आरक्षण और कैदियों की रिहाई जैसे मुद्दे शामिल हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह फैसला किसी निजी नाराजगी या पार्टी में कोई पद न मिलने की निराशा के कारण नहीं, बल्कि इसलिए है कि वह उन मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करना चाहते, जिन पर एनसी ने जनता से समर्थन मांगा था। रूहुल्लाह ने यह भी साफ किया कि उनका मकसद सिर्फ एक राजनीतिक दल छोड़कर दूसरे में शामिल होना नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर के ऐसे ईमानदार और प्रतिबद्ध युवाओं को एक साथ लाना है जो अपनी मातृभूमि और समुदायों के दर्द को समझते हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को आगे आने और समाज में बदलाव लाने की दिशा में काम करने के लिए प्रोत्साहित करें। वह ऐसे ईमानदार और समर्पित युवाओं का एक मंच तैयार करना चाहते हैं, जो जन कल्याण और जम्मू-कश्मीर की बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध हों।

लोकसभा से उनका इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार किए जाने के बाद ही श्रीनगर लोकसभा सीट खाली होगी। इसके बाद इस सीट पर कोई भी उपचुनाव कानूनी प्रावधानों के अनुसार कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771539 Articles

Share this story