छत्तीसगढ़ पहुंचे राहुल गांधी, संगठनात्मक गतिविधियों की करेंगे समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ पहुंचे राहुल गांधी, संगठनात्मक गतिविधियों की करेंगे समीक्षा


रायपुर/अभनपुर 21 जून (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे और संगठनात्मक समीक्षा करेंगे।

राहुल गांधी माना एयरपाेर्ट से सीधे अभनपुर पहुंचे, जहां वे कांग्रेस के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत राहुल गांधी के साथ सभा स्थल पर पंहुचे।

अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में चल रहे इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर से नवनियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। राहुल गांधी करीब चार से पांच घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे। हालांकि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया है, लेकिन राहुल गांधी की एक झलक पाने दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे हैं। शिविर के दौरान राहुल गांधी जिला एवं शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में शुरू हो चुका है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story