राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को दी खुली बहस की चुनौती

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को दी खुली बहस की चुनौती


राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को दी खुली बहस की चुनौती


-संगरूर की रैली से राहुल गांधी ने किया 2027 के चुनाव का शंखनाद-पंजाब में कांग्रेस की जीत हुई तो पूरे देश में जीतेंगे : खरगे

चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के ज्वलंत मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार एक साल में निपट जाएगी और तीन साल बाद अमित शाह भी केंद्रीय गृह मंत्री नहीं रहेंगे।

राहुल बुधवार को पंजाब के संगरूर जिले के गांव फगुवाला में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करते हुए पार्टी की पहली रैली को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार को नशे के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि राज्य में नशा और गैंगस्टरवाद सबसे बड़ी समस्याएं हैं। नशे की समस्या खत्म करने के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाली आआपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है, जो यहां के लोगों का दर्द समझे, पूरी ताकत से नशे के खिलाफ लड़े और युवाओं का भविष्य बचाए। उन्होंने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला का जिक्र करते हुए उनके पिता को अपने साथ मंच पर बुलाया। राहुल गांधी ने कहा कि मूसेवाला बेहद प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा थे। जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी देखनी पड़े, उससे बड़ा दर्द दुनिया में कोई नहीं हो सकता।

राहुल ने कहा कि जब तक पंजाब में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी मजबूत नहीं होंगी, तब तक नशे और गैंगस्टरवाद का खात्मा संभव नहीं है। उन्होंने आआपा सरकार से सवाल किया कि उसने पंजाब के किस कोने से नशा खत्म किया है।

आआपा सरकार के वादों पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जनता से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), महिलाओं को नकद राशि देने और पंजाब को नशामुक्त बनाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन इनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। इससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि खेती-किसानी और उद्योगों को बचाए बिना न तो नशे के नासूर को मिटाया जा सकता है और न ही गैंगस्टरों के खिलाफ लड़ाई जीती जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि केवल कांग्रेस ही किसानों की रक्षा करने और उद्योगों को दोबारा पटरी पर लाने की क्षमता रखती है।

रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज का दिन पंजाब के लिए शुभ है। पंजाब की धरती पर इंसाफ की आवाज बुलंद हुई है। सभी कांग्रेस नेता एकजुट हैं और रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने इसका प्रमाण दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में एकता बनाए रखने की जरूरत है। राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाकर सभी दलों को एकजुट किया है। खरगे ने आरोप लगाया कि दिल्ली की सरकार वोट चोरी से बनी है। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस पंजाब में चुनाव जीतती है तो पूरे देश में जीत हासिल करेगी।

इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, वरिष्ठ नेता विजयइंदर सिंगला, सांसद सुखजिंदर रंधावा और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story